दिल्ली

सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने वाले दो विधि छात्र गिरफ्तार, सीजेआई पर अभद्र टिप्पणी और अदालत की कार्यवाही बाधित करने का आरोप

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने, न्यायाधीशों की ओर कागज उछालने और अदालत की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और उसके साथी चंद्रभान के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

सुनवाई के दौरान हुआ था हंगामा

जानकारी के अनुसार 10 जुलाई 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के कक्ष क्रमांक 13 में न्यायमूर्ति के. वी. विश्वनाथन और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ एक मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान याचिकाकर्ता के रूप में स्वयं पैरवी कर रहे प्रबल प्रताप सिंह ने न्यायालय के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने मुख्य न्यायाधीश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की तथा न्यायाधीशों की ओर कागज फेंक दिए, जिससे न्यायालय की कार्यवाही प्रभावित हुई।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को दी थी चुनौती

प्रबल प्रताप सिंह इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक आदेश को चुनौती देने सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा था। उसकी मांग लखनऊ के एक प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कराने से संबंधित थी। सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी थी।

सुरक्षा कर्मियों से भी की धक्का-मुक्की

हंगामे के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और न्यायालय की कार्यवाही में जानबूझकर बाधा डाली। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को अदालत कक्ष से बाहर निकालकर अपनी निगरानी में रखा।

मेडिकल जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों की मानसिक एवं चिकित्सकीय जांच कराई गई। जांच के दौरान उनके पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले पर्चे भी बरामद किए गए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ प्रकरण

घटना के संबंध में तिलक मार्ग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, जिनमें धारा 132, 221, 224 तथा 3(5) शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों आरोपी विधि के छात्र

पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय प्रबल प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का निवासी है और लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है। वहीं 23 वर्षीय चंद्रभान रायबरेली जिले के पूरे सिंहारे गांव का निवासी है तथा लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!