रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: बाघों के शिकार का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस, आज भी हंगामे के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को भी सदन में तीखी नोकझोंक और हंगामे के आसार हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आमने-सामने रहेंगे। विपक्ष जहां वन्यजीव संरक्षण, प्रशासनिक अनियमितताओं और जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर प्रस्तुत करेगी।

बाघों के शिकार का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक शेषराज हरवंश और विक्रम मंडावी इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार के मामले को लेकर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगते हुए वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाएगी।

शासकीय मुद्रणालय में अनियमितता का मामला भी उठेगा

भाजपा विधायक राजेश मूणत शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन में उठाएंगे। इस संबंध में वे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए मामले की जानकारी और कार्रवाई की स्थिति जानेंगे।

सरकार रखेगी विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे।

इसके अलावा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से संबंधित वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।

आज भी हंगामे की संभावना

मानसून सत्र के पहले दो दिनों की तरह तीसरे दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस होने की संभावना है। विपक्ष सरकार को जनहित और प्रशासनिक विषयों पर घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतरेगा, जबकि सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!