तेहरान में उमड़ा जनसैलाब, आयतुल्लाह अली खामेनेई को अंतिम विदाई

अंतिम संस्कार में लाखों लोगों की मौजूदगी, ट्रम्प के बयान और संभावित अमेरिका-ईरान वार्ता पर टिकी दुनिया की नजर
तेहरान ( एजेंसी ) // ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए शनिवार को राजधानी तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिया परंपरा के अनुसार काले वस्त्र पहने लोगों ने मातम मनाया और धार्मिक नारों के बीच श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और सेना तथा पुलिस की भारी तैनाती रही।
9 जुलाई तक चलेगी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में 3 जुलाई से शुरू हुई हैं, जो 9 जुलाई तक चलेंगी। शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। हालांकि रूस, चीन, भारत और तुर्किये सहित कई देशों ने शीर्ष नेतृत्व के बजाय अपने प्रतिनिधि भेजे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
अंतिम दर्शन के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए तेहरान में मेट्रो और सरकारी बस सेवाएं निशुल्क संचालित की गईं। होटलों के किराए में छूट दी गई तथा स्कूलों और मस्जिदों में अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की गई। अन्य शहरों से श्रद्धालुओं को लाने के लिए विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया गया। अंतिम यात्रा तेहरान और कोम से होकर इराक के कर्बला और नजफ होते हुए मशहद पहुंचेगी, जहां 9 जुलाई को अंतिम संस्कार किया जाना प्रस्तावित है।
ट्रम्प के बयान से बढ़ी चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि मानवीय आधार पर ईरान को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बाद अमेरिका की ओर से आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। ट्रम्प के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
परमाणु वार्ता पर बनी हुई है नजर
इस बीच कतर की ओर से संकेत मिले हैं कि अंतिम संस्कार के बाद अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का अगला दौर शुरू हो सकता है। वहीं ईरान ने फोर्डो, नतांज और इस्फहान स्थित परमाणु ठिकानों के निरीक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में अंतिम संस्कार के बाद पश्चिम एशिया की कूटनीतिक और सुरक्षा स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।




