बिलासपुर संभाग

पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा, दस्तावेजों से छेड़छाड़; कर्मचारी से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

सरकारी कार्यालय में हंगामा, विरोध करने पर पटवारी कर्मचारी से की मारपीट; न्यायालय में पेशी के बाद चारों भेजे गए जेल

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने तथा शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 30 जून 2026 की है। उस समय पटवारी कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी सत्येंद्र कुमार कंवर नियमित शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) और मनोज देवांगन (39 वर्ष) जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि चारों ने शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया, कार्यालय में रखे सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ की तथा विरोध करने पर कर्मचारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर बिर्रा थाना में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव एवं प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों से अभद्रता करने तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!