राष्ट्रीय

वेनेजुएला में मृत भारतीय नाविक के शव से 21 अंग गायब होने का दावा

देवरिया के राकेश चौहान की मौत पर गहराया रहस्य, परिजनों ने शिपिंग कंपनी पर अंग तस्करी का लगाया आरोप

देवरिया ( शिखर दर्शन ) // वेनेजुएला में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत भारतीय नाविक राकेश चौहान के शव से 21 आंतरिक अंग गायब होने के दावे ने पूरे मामले को बेहद गंभीर बना दिया है। परिजनों ने शिपिंग कंपनी पर अंग तस्करी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।

हार्ट अटैक बताई गई थी मौत की वजह

परिजनों के अनुसार, 7 मई को शिपिंग कंपनी ने फोन कर बताया था कि जहाज पर गिरने से राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अगले दिन परिवार को बताया गया कि उनके बचने की संभावना केवल पांच प्रतिशत है और उसी शाम उनकी मौत की सूचना दे दी गई। वेनेजुएला की मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था।

भारत में पोस्टमार्टम के बाद चौंकाने वाला दावा

राकेश का शव भारत पहुंचने के बाद देवरिया में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर 22 टांके मिले और कई महत्वपूर्ण आंतरिक अंग गायब पाए गए। उनका दावा है कि राकेश के शरीर से दिमाग, दिल, दोनों फेफड़े, लीवर, दोनों किडनी, तिल्ली, अग्न्याशय, आंतें, थायरॉयड ग्रंथि, पित्ताशय, स्वरयंत्र तथा श्वासनली सहित कुल 21 अंग नहीं मिले।

शिपिंग कंपनी पर गंभीर आरोप

राकेश की पत्नी और परिजनों ने शिपिंग कंपनी पर अंगों की तस्करी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शव भारत भेजने से पहले न तो पूरी जानकारी दी गई और न ही पोस्टमार्टम से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नवंबर 2025 में जॉइन की थी मर्चेंट नेवी

राकेश चौहान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र के लंगड़ा भगवानपुर गांव के निवासी थे। उन्होंने नवंबर 2025 में मर्चेंट नेवी जॉइन की थी और वेनेजुएला में मरीन फिटर के रूप में कार्यरत थे। उनकी संदिग्ध मौत और शव से अंग गायब होने के दावों के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!