कमजोर मानसून पर सीएम साय का किसानों को भरोसा

बोले- सरकार किसानों के साथ, बारिश की स्थिति देखकर बनाएं खेती की रणनीति
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // अल नीनो के प्रभाव के चलते इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए खेती-किसानी की योजना बनाने की अपील की।
जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग पहले ही संकेत दे चुका है कि इस वर्ष मानसून कमजोर रह सकता है। सरकार लगातार किसानों को जागरूक कर रही है कि वे वर्षा की उपलब्धता के अनुसार फसल और खेती की रणनीति तैयार करें, ताकि नुकसान की संभावना कम हो।
सक्ती दौरे में भाजपा कार्यालय का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सक्ती जिले के दौरे पर जा रहे हैं, जहां भाजपा के जिला कार्यालय भवन का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
बजट के पांच मिशनों में AI मिशन भी शामिल
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में पांच विशेष मिशन तय किए हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही एआई तकनीक के प्रभावी उपयोग और उसके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है।
चरण पादुका योजना पर हाईकोर्ट के आदेश का लिया संज्ञान
चरण पादुका योजना के टेंडर पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है और आगे भी प्रत्येक वर्ष इसका लाभ हितग्राहियों को देने के लिए प्रतिबद्ध है।
IIM में होगा दो दिवसीय चिंतन शिविर
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को आईआईएम नया रायपुर में आयोजित होने वाला चिंतन शिविर लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में सुशासन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा होगी। ऐसे आयोजन सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और बेहतर प्रशासनिक निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



