राजधानी एक्सप्रेस की वेज बिरयानी में मिली मरी मक्खी, IRCTC ने केटरिंग कंपनी पर लगाया 1 लाख का जुर्माना

यात्री की शिकायत पर कार्रवाई, लाइसेंस रद्द करने का नोटिस भी जारी
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अहमदाबाद-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसी गई वेज बिरयानी में मरी हुई मक्खी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने संबंधित केटरिंग कंपनी पर सख्त कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही कंपनी को लाइसेंस रद्द करने का कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
भोजन में मिली मक्खी, यात्री ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार की है। यात्रा के दौरान यात्री ने आईआरसीटीसी के भोजन विकल्प के तहत कॉम्बो लंच का ऑर्डर दिया था। केटरिंग स्टाफ द्वारा भोजन परोसने के बाद जब यात्री ने वेज बिरयानी खाना शुरू किया तो उसमें मरी हुई मक्खी दिखाई दी।
यात्री ने भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही ट्रेन कैप्टन और ऑन-बोर्ड केटरिंग प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
रेलवे स्टाफ ने मांगी माफी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने यात्री से माफी मांगते हुए दूसरा भोजन उपलब्ध कराने की पेशकश की, लेकिन यात्री ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज की गई।
IRCTC ने दिखाई सख्ती
यात्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आईआरसीटीसी ने संबंधित केटरिंग फर्म ‘आराहा हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ पर तत्काल प्रभाव से 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा गया है कि इतनी गंभीर लापरवाही के बाद उसका लाइसेंस क्यों नहीं रद्द किया जाना चाहिए।
स्वच्छता से समझौता नहीं: IRCTC
आईआरसीटीसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



