परिवार पर बरसाईं गोलियां: अमेरिका में भारतीय मूल के युवक पर माता-पिता और दादी की हत्या का आरोप, भाई बचा

टेक्सास में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने पीछा कर आरोपी को दबोचा
टेक्सास (अमेरिका) // अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारतीय मूल के एक युवक पर अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय गौरव चोपड़ा के रूप में हुई है, जो टेक्सास विश्वविद्यालय के रियो ग्रांडे वैली स्कूल का छात्र बताया जा रहा है।
माता-पिता और दादी की मौत, भाई की बची जान
पुलिस के अनुसार गौरव चोपड़ा ने कथित तौर पर अपने पिता स्वीरा राम, मां कमलेश रानी और दादी मिंदर कौर पर गोलीबारी कर दी। हमले में तीनों की मौत हो गई। वहीं आरोपी ने अपने भाई पर भी जानलेवा हमला किया, लेकिन वह किसी तरह बच निकला और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
मौके से फरार हुआ आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां दो लोगों को मृत अवस्था में पाया गया, जबकि तीसरे घायल सदस्य स्वीरा राम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। कार से भाग रहे गौरव चोपड़ा का पीछा कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई कार्रवाई में दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार से मिली हथियार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी की कार से एक हैंडगन बरामद की है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी हथियार का उपयोग वारदात को अंजाम देने में किया गया। बरामद हथियार की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
अदालत में पेश, कई गंभीर धाराएं लगीं
गौरव चोपड़ा को अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर कई लोगों की हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में रखा गया है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
अधिकारियों ने अभी तक घटना के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। जांच एजेंसियां पारिवारिक, मानसिक और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।
विश्वविद्यालय ने जारी किया बयान
गौरव चोपड़ा जिस विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है, उसकी ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विश्वविद्यालय को जानकारी है कि उसके एक वर्तमान छात्र का नाम कैंपस के बाहर चल रही आपराधिक जांच में सामने आया है। संस्थान ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
समुदाय में शोक और चिंता
इस हृदयविदारक घटना के बाद भारतीय मूल के समुदाय में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग घटना के कारणों को लेकर स्तब्ध हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



