महाकाल की शरण में पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेटर स्नेह राणा, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

नंदी हॉल में दो घंटे तक बैठकर किए बाबा महाकाल के दर्शन, मंदिर समिति ने किया सम्मान
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्नेह राणा रविवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया। क्रिकेट मैदान पर अपनी शानदार गेंदबाजी और संघर्षशील प्रदर्शन के लिए पहचानी जाने वाली स्नेह राणा इस दौरान पूरी तरह भक्तिभाव में लीन नजर आईं।
प्रातःकाल मंदिर पहुंचीं स्नेह राणा ने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक बाबा महाकाल की अलौकिक भस्म आरती का दर्शन किया। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जय महाकाल के गगनभेदी उद्घोष के बीच उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
भस्म आरती के दौरान स्नेह राणा बेहद भावुक और प्रसन्न दिखाई दीं। उन्होंने मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य वातावरण को अपने लिए विशेष अनुभव बताया। आरती के बाद उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के समक्ष शीश नवाया।
इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भारतीय महिला क्रिकेटर स्नेह राणा का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। मंदिर समिति के अधिकारियों ने उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
महाकाल मंदिर में स्नेह राणा की मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रेमियों में भी खास उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। धर्मनगरी उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करने वाली स्नेह राणा ने अपनी इस यात्रा को सौभाग्यपूर्ण और अविस्मरणीय बताया।



