रायपुर संभाग

23 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के आसार, उमस और गर्मी से जल्द मिलेगी राहत

अगले पांच दिनों तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने 23 जून के आसपास प्रदेश में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। फिलहाल प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। तापमान में बढ़ोतरी और उमस से लोग परेशान हैं, लेकिन मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने राहत की उम्मीद जगाई है।

23 जून के आसपास पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 23 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

शनिवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा बीजापुर जिले के कुटरू और बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कबीरधाम के कुकदुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई तथा सूरजपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। बीजापुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

वहीं कोरिया के बैकुंठपुर, रायपुर के लाभांडीह, बेमेतरा के दाढ़ी, देवकर और थानखमरिया, मुंगेली, बालोद के डौंडी, जशपुर के सन्ना और बागबहार, बलौदाबाजार के भाटापारा तथा खैरागढ़ और छुईखदान क्षेत्रों में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आगामी दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

रायपुर रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान रायपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के प्रवेश के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस तथा भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!