अन्तर्राष्ट्रीय

बकरीद के दिन ईरान पर अमेरिका का बड़ा हमला: होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, बंदर अब्बास में सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

अमेरिकी सेना ने 4 ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया, ईरान ने हमले की पुष्टि की

तेहरान/वॉशिंगटन ( एजेंसी ) // अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। बकरीद के दिन अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी सैनिकों और व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा के लिए की गई। अमेरिका ने दावा किया है कि उसने 4 ईरानी ड्रोन भी मार गिराए हैं।

ईरानी मीडिया एजेंसियों ने भी बंदर अब्बास के पूर्वी इलाके में हुए हमले और तेज धमाकों की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय समयानुसार देर रात करीब 1:30 बजे लगातार कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गया।

बताया जा रहा है कि पिछले 48 घंटे में यह दूसरा बड़ा अमेरिकी हमला है। इससे पहले भी अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल लॉन्च साइटों और कथित तौर पर बारूदी सुरंग बिछाने वाली नौकाओं पर कार्रवाई की थी। अमेरिका का कहना है कि ये हमले “रक्षात्मक कार्रवाई” के तहत किए गए, जबकि ईरान ने इन्हें युद्धविराम का उल्लंघन बताया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है। इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सख्त रुख दोहराते हुए कहा है कि अमेरिका तेहरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। ट्रंप ने कहा कि यदि समझौता अमेरिका की शर्तों के अनुरूप नहीं हुआ तो कोई डील नहीं होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!