विदेश दौरे से लौटते ही एक्शन मोड में PM मोदी, आज हाई-लेवल बैठक; सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने के निर्देश

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // विदेश दौरे से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बड़े एक्शन मोड में नजर आने वाले हैं। राजधानी दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में शाम 4 बजे केंद्रीय मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है और इससे पहले सभी केंद्रीय मंत्रियों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस हाई-लेवल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के साथ राज्य मंत्री और जूनियर मंत्री भी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में देश की आंतरिक सुरक्षा, आर्थिक हालात, वैश्विक परिस्थितियों और आगामी रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की संभावना है।
मिडिल ईस्ट तनाव और महंगाई पर हो सकता है मंथन
सूत्रों के मुताबिक मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और उसके भारत पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सरकार गंभीर मंथन कर सकती है। खासतौर पर कच्चे तेल की कीमतों, एलपीजी सप्लाई और बढ़ती महंगाई को लेकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के दौरान रक्षा मंत्री Rajnath Singh की अगुवाई में गठित हाई-पावर ग्रुप लगातार हालात पर नजर बनाए हुए था। इस समूह में गृह मंत्री Amit Shah, वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman और पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri भी शामिल हैं।
कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज
राजनीतिक गलियारों में मोदी सरकार 3.0 के एक साल पूरे होने से पहले संभावित कैबिनेट फेरबदल और मंत्रालयों में बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जून के दूसरे सप्ताह में मंत्रियों के विभागों में बदलाव हो सकता है।
इसी वजह से आज होने वाली केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



