रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

रायगढ़- महासमुंद में यलो अलर्ट जारी, 60 किमी रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवाओं के साथ मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील भी की गई है।

प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि 11 मई के बाद मौसम गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। रायपुर, सुकमा, बिलासपुर और जगदलपुर समेत कई जिलों में भी तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!