पश्चिम बंगाल जाएंगे सीएम साय, फायरमैन भर्ती के आवेदन शुरू, डीपीएड रिजल्ट जारी, नवकार नगर में धार्मिक आयोजन आज से

राजधानी समेत प्रदेशभर में आज कई महत्वपूर्ण आयोजन और गतिविधियां
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // विष्णुदेव साय आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री वहां आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी भी शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का यह दौरा एक दिवसीय रहेगा और वे देर शाम तक रायपुर लौटेंगे।
छत्तीसगढ़ में नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ में फायरमैन भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने 8 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 5 जून 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा होगा। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 6 से 8 जून तक मौका दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 6 जुलाई को जारी होंगे, जबकि भर्ती परीक्षा 13 जुलाई को रायपुर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने डीपीएड परीक्षा के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए। इस वर्ष प्रथम वर्ष में 51 और द्वितीय वर्ष में 52 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। अभ्यर्थी अपने परीक्षा परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
राजधानी के झूलेलाल धाम कटोरा तालाब में आज महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ प्रांत की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर सहित प्रदेशभर से महिला प्रतिभागी शामिल होंगी। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में साहस, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
राजधानी के लालपुर स्थित नवकार नगर में 9 से 15 मई तक जैन society का भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। धर्मनिष्ठ स्वर्गीय वीरचंद डागा एवं सरोजदेवी डागा परिवार के सौजन्य से निर्मित श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय और श्री मणिधारी जिनचंद्रसूरि दादावाड़ी की अंजन शलाका प्रतिष्ठा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। 10 मई को गुरु भगवंतों के भव्य वरघोड़ा प्रवेश के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। वहीं 11 से 15 मई तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, रथयात्रा, प्रतिष्ठा समारोह और पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



