केरल में सीएम चेहरे को लेकर सियासी हलचल तेज, केसी वेणुगोपाल को सबसे ज्यादा विधायकों का समर्थन

वायरल चिट्ठी से बढ़ी चर्चाएं, कांग्रेस आलाकमान जल्द कर सकता है नए मुख्यमंत्री का ऐलान
तिरुवनंतपुरम ( शिखर दर्शन ) // केरल में कांग्रेस की जीत के बाद अब नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। चर्चा है कि कांग्रेस के 63 विधायकों में से 47 ने केसी वेणुगोपाल के नाम का समर्थन किया है। यह जानकारी उस वक्त सामने आई जब कांग्रेस पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक के हाथ में मौजूद विधायकों के समर्थन पत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ हुई बैठक में विधायकों से मुख्यमंत्री पद को लेकर उनकी राय ली गई थी। वायरल सूची में विधायकों के नाम के सामने उनके पसंदीदा सीएम चेहरे का उल्लेख किया गया था, जिसमें अधिकांश विधायकों ने केसी वेणुगोपाल के पक्ष में समर्थन जताया। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वीडी सतीशन का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने एलडीएफ सरकार के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाया था और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जा रही है। वहीं वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं, जिन्हें संगठन और गठबंधन सहयोगियों के बीच अनुभवी और संतुलित नेता के रूप में देखा जाता है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। पार्टी नेतृत्व सांसदों और वरिष्ठ नेताओं से भी अलग-अलग राय ले रहा है ताकि सर्वसम्मति से फैसला किया जा सके। संभावना जताई जा रही है कि रविवार तक कांग्रेस आलाकमान नए मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकता है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण अगले दो दिनों के भीतर कराया जा सकता है, जिसमें कांग्रेस और यूडीएफ गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।



