चुनाव नतीजों पर PCC चीफ दीपक बैज का हमला, बोले- “बंदूक की नोक पर छीनी गई ममता की सत्ता”

पांच राज्यों के रुझानों के बीच भाजपा पर गंभीर आरोप, चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के रुझानों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी के हाथों से सत्ता “बंदूक की नोक पर” छीनी गई है। उनके इस बयान से सियासी माहौल गरमा गया है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
दीपक बैज ने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा अकेले चुनाव नहीं लड़ रही थी, बल्कि ED, CBI, चुनाव आयोग, केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री, पूरा मंत्रिमंडल और पुलिस प्रशासन भी चुनाव में शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि ढाई लाख से अधिक पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती कर चुनाव को प्रभावित किया गया और भाजपा ने परिणामों को अपने पक्ष में मोड़ लिया।
उन्होंने आगे कहा कि यह जीत भाजपा की नहीं बल्कि चुनाव आयोग और उसके सहयोगी तंत्र की है। बैज ने चुनाव परिणामों को “हाईजैक” करार देते हुए निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए और कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना को ठेस पहुंची है।
वहीं पांच राज्यों के शुरुआती रुझानों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में भाजपा बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तमिलनाडु में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। केरल में UDF को बढ़त मिलती नजर आ रही है, असम में भाजपा आगे चल रही है और पुडुचेरी में NDA बढ़त बनाए हुए है। इन रुझानों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और सभी दल अपने-अपने दावे और आरोपों के साथ सामने आ रहे हैं।



