लाडली बहना योजना की 32वीं किस्त आज, दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक ओलम्पियाड शुरू, कर्मचारियों का मंत्रालय के सामने प्रदर्शन, CM डॉ. मोहन यादव के व्यस्त कार्यक्रम

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // लाडली बहना योजना की राशि का अंतरण
मध्य प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक पात्र बहनों के खातों में आज 16 जनवरी, शुक्रवार को 1,836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इसके अलावा 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक का अंतरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदापुरम के माखन नगर बाबाई में राज्य स्तरीय सम्मेलन में भाग लेंगे और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। नवंबर 2025 से इसमें 250 रुपये की वृद्धि की गई है और अब पात्र हितग्राही महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48,632 करोड़ 70 लाख रुपये का ट्रांसफर किया जा चुका है। जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के दौरान ही 38,635 करोड़ 89 लाख रुपये का राशि अंतरण हुआ। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान सुनिश्चित किया गया है। भविष्य में महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक ओलम्पियाड का आगाज
आज से प्रदेश में दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक ओलम्पियाड का आयोजन शुरू हो रहा है। यह ओलम्पियाड सभी विकासखंड मुख्यालयों पर कक्षा 2 से 8 तक के लगभग 2 लाख चयनित छात्रों के लिए आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण जैसे विषय शामिल हैं। कक्षा 2 से 5 की परीक्षा एक दिन में और कक्षा 6 से 8 की परीक्षा दो दिनों में आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी। चयनित छात्रों के लिए परिवहन, भोजन और स्वल्पाहार की व्यवस्था विभाग द्वारा की गई है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र आगे राज्य स्तर पर भाग लेने का अवसर पाएंगे।
कर्मचारियों का मंत्रालय के सामने प्रदर्शन
भोपाल में आज तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सरकारी कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह आंदोलन कर्मचारी संघों के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर किया जा रहा है। कर्मचारी महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) के बीच अंतर समाप्त करने, वेतन विसंगति सुधारने, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और सरकारी सेवा में दो बच्चों की बाध्यता समाप्त करने जैसी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर एकजुट होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर IPS सर्विस मीट का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे वे भेल दशहरा मैदान में प्रदेश स्तरीय पंचायत सचिव सम्मेलन में भाग लेंगे। दोपहर 1:55 बजे वे भोपाल से नर्मदापुरम के लिए रवाना होंगे, जहां लाडली बहना योजना के तहत जनवरी माह की राशि का अंतरण करेंगे।
शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री भारत भवन में महाभारत समागम का शुभारंभ करेंगे, जो 16 से 24 जनवरी तक चलेगा। इसमें इमर्सिव डोम थिएटर, प्रदर्शनियां, नाटक, कठपुतली और महाभारत से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे, जो युद्ध के खिलाफ शांति और सभ्यतागत विवेक का संदेश देंगे। रात 8:30 बजे वे पलाश रेजीडेंसी में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर जनता से संवाद करेंगे।
