CG मॉर्निंग न्यूज : आज सीएम साय फुटबॉल चैंपियनशिप में लेंगे हिस्सा… ‘वीबी–जी राम जी’ अभियान पर भाजपा की जिलास्तरीय कार्यशालाएं शुरू… किसान आत्महत्याओं को लेकर कांग्रेस का सरकार पर गंभीर आरोप… पढ़ें प्रदेश की अन्य अहम खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों से भरा दिन रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के व्यस्त कार्यक्रम के साथ-साथ बैंकिंग, सांस्कृतिक आयोजन, राजनीतिक अभियानों और किसान मुद्दों को लेकर बयानबाजी भी सुर्खियों में है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। 11.30 बजे से विभागीय बैठकों में शामिल होंगे। दोपहर 1.30 से 2.30 बजे तक कार्यालयीन कार्य निपटाने के बाद 2.35 बजे खरोरा के लिए रवाना होंगे, जहां शाम 3 बजे सीएम ट्रॉफी ऑल इंडिया फुटबॉल चैंपियनशिप कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम 4.15 बजे मंत्रालय लौटकर विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे और रात 7.30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
अपेक्स बैंक की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) द्वारा आज दोपहर 12.30 बजे बैंकिंग गतिविधियों और योजनाओं को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता बैंक कार्यालय में मीडिया को महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ: सामूहिक गायन की भव्य तैयारी
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 जनवरी (सेना दिवस) को राज्यभर में सामूहिक गायन का आयोजन किया जाएगा। तैयारियों को लेकर आज रात 8 बजे निगम और पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक होगी। दोपहर 3 बजे सांसद बृजमोहन अग्रवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करेंगे।
इस अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के करीब 3 हजार स्कूल-कॉलेजों में लगभग 5 लाख लोग एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे। सुभाष स्टेडियम में 20 हजार युवा सामूहिक गान करेंगे। डाक विभाग विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड भी जारी करेगा। विधायक, पार्षद, पंच-सरपंच और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
भाजपा का ‘वीबी–जी राम जी’ जन जागरूकता अभियान शुरू
भाजपा का ‘वीबी–जी राम जी’ जन जागरूकता अभियान आज से शुरू हो रहा है। 25 जनवरी तक जिलास्तरीय कार्यशालाएं होंगी, जबकि 10 से 28 फरवरी तक ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर जन संवाद किया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। अभियान को लेकर प्रदेश और जिला स्तर पर प्रशिक्षण पहले ही दिया जा चुका है।
किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
धान खरीदी और टोकन की समस्या को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार प्रायोजित षड्यंत्र के चलते किसान मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।
उनका आरोप है कि आरओ जारी करने में देरी, उठाव न होना, केंद्रों पर जाम, सर्वर और पोर्टल की दिक्कतें, बफर लिमिट से अधिक धान जमा होने जैसी समस्याओं के कारण किसानों को नुकसान हो रहा है। कोरबी, महासमुंद और रायगढ़ में किसानों द्वारा आत्मघाती प्रयासों के मामलों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
मंत्री लखन लाल देवांगन का कोंडागांव प्रवास
मंत्री लखन लाल देवांगन आज कोंडागांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। दोपहर 1 बजे न्यू सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। 2 बजे कलेक्टर कार्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। शाम 4.30 बजे कोंडागांव से रवाना होकर रात 7.30 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- भागवत कथा: संत चिन्मयानंद बापूजी, अवधपुरी मैदान गुढ़ियारी, शाम 4 से 7 बजे
- योग क्लास: सत्यदर्शन योगाश्रम, सिविल लाइन, शाम 5 से 6 बजे
- निःशुल्क पीएससी कोचिंग: विकास परिषद, नूतन स्कूल आरडीए कॉलोनी टिकरापारा, शाम 5 से रात 9 बजे तक
राजधानी में आज प्रशासनिक निर्णयों से लेकर सांस्कृतिक और राजनीतिक गतिविधियों तक दिनभर हलचल बनी रहेगी।



