भाई की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा, त्वरित कार्रवाई से खुलासा
लकड़ी काटने के विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // जिले के थाना बम्हीनडीह क्षेत्र में लकड़ी काटने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुसलमान मोहल्ला निवासी युवक ने अपने ही सगे बड़े भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे साहिल खान और उसके बड़े भाई सफर खान के बीच लकड़ी काटने को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के दौरान साहिल खान ने हत्या की नीयत से धारदार चाकू से सफर खान के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सफर खान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बम्हीनडीह में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 जनवरी 2026 को घेराबंदी कर आरोपी साहिल खान पिता शेख मोहम्मद, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुसलमान मोहल्ला बम्हीनडीह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना बम्हीनडीह पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।




