दिल्ली

परिवहन से बढ़ता प्रदूषण: गडकरी बोले- 40% प्रदूषण वाहनों से, वैकल्पिक ईंधन और पब्लिक ट्रांसपोर्ट ही समाधान

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // देश में बढ़ते प्रदूषण को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में कुल प्रदूषण का करीब 40 फीसदी हिस्सा सिर्फ ट्रांसपोर्ट सेक्टर से आता है। अगर समय रहते वैकल्पिक ईंधन और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर जोर नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर हो जाएगी।

वाहनों से बढ़ रही परेशानी

गडकरी ने बताया कि देश में हर साल बड़ी संख्या में गाड़ियां खरीदी जा रही हैं और सड़कों का नेटवर्क बेहतर होने से आने वाले समय में वाहनों की संख्या और बढ़ेगी। इसका सीधा असर प्रदूषण और ट्रैफिक पर पड़ेगा।

लॉजिस्टिक कॉस्ट में सुधार

मंत्री ने बताया कि बेहतर सड़कें बनने से लॉजिस्टिक कॉस्ट पहले 16% से घटकर अब 10% रह गई है। उम्मीद जताई गई कि दिसंबर तक इसे घटाकर 9% तक लाया जा सकता है।

ड्राइवरों की भारी कमी

गडकरी ने कहा कि देश में इस समय करीब 22 लाख ड्राइवरों की कमी है। इस कमी को दूर करने के लिए वाहन कंपनियां ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर चला रही हैं, जहां युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग

उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 तक करीब 3 लाख वाहनों को स्क्रैप किया गया है, जिनमें से 1.41 लाख सरकारी वाहन थे। हालांकि वास्तव में 97 लाख से ज्यादा पुराने वाहनों को स्क्रैप होना चाहिए। गडकरी ने ऑटो कंपनियों से अपील की कि जो ग्राहक पुराना वाहन स्क्रैप कर नया वाहन खरीदे, उसे विशेष छूट दी जाए। इससे लोगों को लाभ मिलेगा और सरकार को भी लगभग 40 हजार करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है।

छोटे शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर जोर

गडकरी ने कहा कि बड़े शहरों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इससे ट्रैफिक जाम कम होगा और प्रदूषण पर भी काबू पाया जा सकेगा।

सड़क सुरक्षा के लिए नया अभियान

मंत्री ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए ऊबर और जोमैटो जैसी कंपनियों के साथ मिलकर एक विशेष कैंपेन शुरू किया जा रहा है। इस अभियान में प्रसून जोशी, अमिताभ बच्चन और शंकर महादेवन जैसे नाम भी शामिल होंगे। इसके जरिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।

‘राहवीर’ योजना से मिलेगा इनाम

गडकरी ने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वाले व्यक्तियों को ‘राहवीर’ सम्मान से नवाजा जाएगा और 25 हजार रुपये तक इनाम दिया जाएगा। साथ ही घायलों को अस्पताल में सात दिन तक मुफ्त इलाज और अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!