सीलमपुर कुणाल हत्याकांड: पुलिस को बड़ी कामयाबी, लेडी डॉन सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
सीलमपुर कुणाल हत्याकांड: लेडी डॉन जिकरा समेत तीन गिरफ्तार, इलाके में तनाव और डर का माहौल
दिल्ली के सीलमपुर में युवक की हत्या से उपजा बवाल, दो मुख्य आरोपी अब भी फरार
दिल्ली (शिखर दर्शन) // राजधानी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय युवक कुणाल की चाकू मारकर की गई निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। गुरुवार को हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में तेजी दिखाते हुए नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस की टीम ने कथित रूप से ‘लेडी डॉन’ के नाम से पहचान बनाई गई जिकरा समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है, जबकि इस सनसनीखेज हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
दूध लेने निकले कुणाल को बेरहमी से मार डाला
परिवार के अनुसार, कुणाल घर से दूध लेने निकला था, उसी दौरान कुछ हमलावरों ने उसे घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।
हिंदू समुदाय निशाने पर, सात हत्याओं का आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में हिंदू समुदाय के लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और अब तक इस तरह की सात हत्याएं हो चुकी हैं। यही नहीं, कुणाल की हत्या के बाद कई लोगों ने पलायन की बात कही है। आरोप है कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े चार से पांच युवकों ने कुणाल की हत्या की। हत्या के बाद रविदास गली सहित कई जगहों की दीवारों पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें दिल्ली सरकार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई गई है।
पोस्टरों में बुलडोजर कार्रवाई की मांग
इलाके में लगाए गए पोस्टरों पर लिखा है – “हमें योगी मॉडल चाहिए, बुलडोजर एक्शन चाहिए,” “हिंदू पलायन कर रहे हैं,” और “दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हमारी मदद करें।” इन नारों से साफ है कि स्थानीय लोगों के भीतर डर के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी है।
प्रदर्शन के बाद पुलिस को दिया अल्टीमेटम
घटना के बाद से सीलमपुर में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। शुक्रवार को पुलिस ने प्रदर्शन को समाप्त कराया, लेकिन स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर मुख्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि शांति बनी रहे।
