दिल्ली

भीषण गर्मी से तप रही दिल्ली, पारा 41.5 डिग्री के पार; देशभर में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // राजधानी दिल्ली में गर्मी का कहर गुरुवार, 17 अप्रैल को चरम पर रहा, जब अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। वहीं, आया नगर क्षेत्र में तापमान 41.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो राजधानी में सर्वाधिक रहा। दिल्ली का न्यूनतम तापमान भी 25.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा है। इस सीजन में यह दूसरी बार है जब न्यूनतम तापमान इतना अधिक दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रह सकता है। गर्म हवाओं और हवा में नमी की कमी के कारण गर्मी और अधिक महसूस होगी। विभाग ने दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

शनिवार, 20 अप्रैल से दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलेगा। बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इससे राजधानीवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 20 से 23 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली की हवा फिर ‘खराब’ श्रेणी में

गुरुवार शाम चार बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 204 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार, धूल, गर्म हवाएं और वाहनों का धुआं इस स्थिति के लिए ज़िम्मेदार हैं।

देश के अन्य हिस्सों में मौसम की मार

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

राजस्थान में लू का प्रकोप:
राजस्थान के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और पर्याप्त जल सेवन की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट:
18 से 20 अप्रैल के बीच नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, बरेली, आगरा, कासगंज समेत कई जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

बिहार, पंजाब और हरियाणा में बिजली गिरने की आशंका:
इन राज्यों के अलावा चंडीगढ़ और कर्नाटक के भी कुछ इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा है।

पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 अप्रैल को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। साथ ही, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। उत्तराखंड में 20 और 21 अप्रैल को तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण में भी सक्रिय रहेगा मौसम

पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, झारखंड, ओडिशा और केरल में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!