तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को रौंदा: एक की हालत गंभीर, महिलाएं और बच्चे बाल-बाल बचे, हादसे का लाइव वीडियो आया सामने
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमंद-सिरगिट्टी बायपास पर तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दो राहगीरों को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हिट एंड रन घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के वक्त पास से गुजर रही दो महिलाएं और उनके साथ मौजूद छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। वीडियो देखकर लोग दहशत में हैं और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल कार चालक मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम बात हो गई है और ट्रैफिक नियंत्रण के ठोस उपाय न होने के चलते आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।



