अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी, भारतीयों ने किया भव्य स्वागत, ट्रंप संग व्यापार, रक्षा और वीजा मुद्दों पर होगी अहम वार्ता

वाशिंगटन // तीन दिवसीय फ्रांस यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार देर रात अमेरिका पहुंचे, जहां उनका वाशिंगटन में भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ब्लेयर हाउस में ठहरे हुए हैं और यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। ठंडी रात के बावजूद बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी उनके स्वागत के लिए मौजूद थे और ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “ठंडे मौसम के बावजूद, वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही भव्य स्वागत किया है। उनके प्रति मेरा आभार।”

राष्ट्रपति ट्रंप से बैठक, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान व्हाइट हाउस में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता में व्यापार, रक्षा, और ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी—
- H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड नीति
- भारत-अमेरिका आर्थिक और व्यापार सहयोग
- सेमीकंडक्टर और डिजिटल अर्थव्यवस्था में भागीदारी
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ‘मेक इन इंडिया’ में निवेश
- रणनीतिक और रक्षा साझेदारी, उन्नत सैन्य तकनीक का आदान-प्रदान
- ड्रोन, मिसाइल तकनीक और जेट इंजन आपूर्ति समझौते
- एफ-35 लड़ाकू विमानों की डील
- अवैध प्रवास और आतंकवाद विरोधी सहयोग
पीएम मोदी ने वॉशिंगटन पहुंचने के बाद कहा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। हमारे देश अपने नागरिकों के लाभ और विश्व के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड से मुलाकात के साथ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “तुलसी गबार्ड से मुलाकात हुई। उनके इस पद पर नियुक्ति के लिए उन्हें बधाई दी। भारत-अमेरिका दोस्ती के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई।”

पीएम मोदी का यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मुलाकात के दौरान व्यापारिक और सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने के कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है।
