बीजापुर-नारायणपुर सीमा पर बड़ी मुठभेड़: 12 नक्सली ढेर, दो जवान शहीद, दो घायल

बीजापुर (शिखर दर्शन) // बीजापुर-नारायणपुर सीमा पर स्थित नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच सुबह से जारी मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। इस दौरान सुरक्षा बल के दो जवान शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद हेलिकॉप्टर के जरिए रायपुर भेजा गया है।
बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर चला ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि इस इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली सक्रिय हैं। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान गश्त पर निकले थे। इसी दौरान जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई।
सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। यह ऑपरेशन सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि यह इलाका नक्सलियों के प्रभाव वाला क्षेत्र है। फिलहाल, सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।
इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सख्त अभियान
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लंबे समय से नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन को हाल के दिनों में सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे नक्सलियों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ सकता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और अन्य संभावित ठिकानों पर भी अभियान जारी रहेगा।