छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: ठंड में कमी के संकेत, बलरामपुर सबसे ठंडा क्षेत्र

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं का असर अब भी जारी है, लेकिन ठंड में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में राहत की संभावना जताई है।
प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। सोमवार को दंतेवाड़ा में सबसे अधिक 31.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि बलरामपुर प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि दर्ज की जाएगी। हालांकि, सुबह के समय धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।
राजधानी रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने की संभावना है। रायपुर समेत मध्य क्षेत्र में औसत तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है।
ठंड में कमी और तापमान में बढ़ोतरी के साथ प्रदेशवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह और रात की सर्दी अभी भी परेशानी का कारण बनी हुई है।