उप राष्ट्रपति धनखड़ का आज रायपुर दौरा, रासबिहारी बोस और हेमू कालाणी को सीएम साय ने दी श्रद्धांजलि, कवासी लखमा होंगे कोर्ट में पेश, पढ़ें अन्य बड़ी खबरें

रायपुर (शिखर दर्शन) // उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम “कल्पनाएं: बेहतर भारत निर्माण की” में शामिल होंगे। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज शाम 6 बजे आयोजित होगा। इस दौरान उप राष्ट्रपति युवा पीढ़ी के साथ संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी के लिए आज सुबह 11 बजे NIT रायपुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। NIT के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन डॉ. सुरेश हावरे ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को साझा किया।
हेमू कालाणी और रासबिहारी बोस को सीएम साय का नमन
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी हेमू कालाणी को बलिदान दिवस पर और महान क्रांतिकारी रासबिहारी बोस को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हेमू कालाणी मात्र 19 वर्ष की उम्र में अपने साहस और बलिदान से युवाओं को प्रेरित करते हैं। वहीं, रासबिहारी बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज का गठन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय है।
एमपी के सीएम मोहन यादव का रायपुर दौरा
रायपुर (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज रायपुर आएंगे। वह दोपहर 1:15 बजे इंदौर से रायपुर पहुंचेंगे और यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम 4 बजे वह रायपुर से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
कवासी लखमा आज विशेष अदालत में होंगे पेश
रायपुर (शिखर दर्शन) // शराब घोटाले मामले में ED की कस्टोडियल रिमांड पर चल रहे कवासी लखमा की रिमांड आज समाप्त हो रही है। उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। ED रिमांड बढ़ाने या उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग कर सकती है।
निकाय चुनाव: कांग्रेस आज करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
रायपुर (शिखर दर्शन) // निकाय चुनाव की घोषणा के बाद आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय, राजीव भवन में आयोजित होगा। इसमें निकाय चुनाव से संबंधित रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
आज रायपुर में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम
- दार्शनिक प्रवचन
वैदिक सत्संग समिति द्वारा गुजरात के संत स्वामी विवेकानंद परिव्राजक का प्रवचन आज वृंदावन हॉल में शाम 5:30 से रात्रि 8:30 बजे तक आयोजित होगा। - श्री हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
न्यू वीआईपी रोड धरमपुरा स्थित श्री हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ आज सुबह 9 बजे कलश यात्रा से हुआ। दोपहर 12 बजे पूजन-हवन और शाम 6 बजे आम भंडारे का आयोजन होगा। रात्रि 9 बजे संगी जहुरिया रामधुनी मंडली की प्रस्तुति होगी।