देवपहरी जलप्रपात में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मातम

कोरबा (शिखर दर्शन) // जिले के प्रसिद्ध देवपहरी पिकनिक स्पॉट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने परिवार और स्थानीय लोगों को गहरे शोक में डाल दिया है।
बिलासपुर निवासी शुभम कश्यप अपने परिवार के साथ देवपहरी जलप्रपात घूमने आया था। पिकनिक के दौरान नहाते समय शुभम गहरे पानी में चला गया और डूब गया। परिजन और आसपास के लोग उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन जलप्रपात की गहराई के कारण उसे तुरंत बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शुभम के शव को पानी से बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर जलप्रपात और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों पर सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर करती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए।