बिलासपुर संभाग

बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एलाइंस एयर के विमान का पहिया फटा, 60 यात्रियों की बाल-बाल बची जान

दिल्ली से बिलासपुर पहुंची उड़ान के उतरते समय हुआ हादसा, पहिए में आग लगने की भी सूचना; पायलट ने संभाली स्थिति

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर आ रही एलाइंस एयर की उड़ान के उतरते समय विमान का दाहिनी ओर का पहिया अचानक फट गया। पहिया फटने के बाद उसमें आग लगने की भी सूचना है। घटना से विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया, हालांकि पायलट ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, एलाइंस एयर का विमान शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए रवाना हुआ था। करीब 2 घंटे 35 मिनट की यात्रा के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान रनवे पर लैंडिंग के समय विमान का दाहिनी ओर का पहिया बुरी तरह फट गया।

पहिया फटने के बाद विमान कुछ दूरी तक घिसटता हुआ आगे बढ़ा। इस दौरान पहिए में आग लगने की बात भी सामने आई है। अचानक हुई इस घटना से विमान के भीतर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया।

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

लैंडिंग के दौरान पहिया फटने के बावजूद पायलट ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित तरीके से रोक लिया। समय रहते स्थिति संभाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

विमान में कुल 60 यात्री सवार थे। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित अधिकारी सक्रिय हो गए।

फिलहाल विमान के पहिए में खराबी किस वजह से आई और घटना के दौरान आग लगने की वास्तविक स्थिति क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!