5 घंटे में 10 हजार बहनों ने बांधी राखी, कोरबा में लखनलाल देवांगन का ‘बहिनी संग राखी तिहार’ बना यादगार

सुबह से लगी लंबी कतारें, बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर मंत्री के सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की; भीड़ के चलते कई बार यातायात भी प्रभावित
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा में भाई-बहन के स्नेह का अनोखा नजारा देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के शासकीय निवास में आयोजित ‘बहिनी संग राखी तिहार’ कार्यक्रम में बहनों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 10 बजे से शुरू हुए आयोजन में करीब पांच घंटे तक महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान 10 हजार से अधिक महिलाओं ने मंत्री लखनलाल देवांगन की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।
सुबह से ही लग गई बहनों की लंबी कतार
पंचवटी विश्राम गृह के समीप स्थित मंत्री के शासकीय निवास में रक्षाबंधन के मौके पर कोरबा विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते परिसर में लंबी कतार लग गई।
आयोजन स्थल पर महिलाओं के लिए व्यवस्थित तरीके से कतार बनाई गई थी। बहनों ने बारी-बारी से मंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी प्रत्येक बहन को सम्मानपूर्वक प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया।
“बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी”
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि क्षेत्र की बहनों का इतना बड़ा स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, स्नेह और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि क्षेत्र की बहनों ने बड़ी संख्या में उनके निमंत्रण को स्वीकार किया और रक्षा सूत्र बांधने के लिए पहुंचीं। उन्होंने सभी बहनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है।
मंत्री ने विश्वास दिलाया कि भाई के रूप में वे हमेशा क्षेत्र की बहनों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रक्षाबंधन पर इस तरह का आत्मीय आयोजन करने का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्र की बहनों के बीच पारिवारिक रिश्ते को और मजबूत करना है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने भी दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत भी शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सराहना की।
महापौर ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और विश्वास का पर्व है। इस तरह के आयोजन सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को और मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बहनों का कार्यक्रम में पहुंचना मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रति उनके स्नेह और विश्वास को दर्शाता है।
नरेंद्र देवांगन ने बहनों का जताया आभार
कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन के छोटे भाई एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि बहनों ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की, वह पूरे परिवार के लिए भावुक और यादगार क्षण है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।
हजारों महिलाओं की भीड़ से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित
मंत्री के शासकीय निवास में हजारों महिलाओं के पहुंचने से आसपास के क्षेत्र में भी भारी भीड़ रही। कई घंटे तक महिलाओं के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण आसपास की सड़कों पर कई बार यातायात प्रभावित हुआ।
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सुचारू कराने में जुटे रहे।
इसके बावजूद महिलाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। कई महिलाएं समूह में पहुंचीं और अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। आयोजन स्थल पर पूरे समय रक्षाबंधन की आत्मीयता और उत्सव का माहौल बना रहा।
करीब पांच घंटे में 10 हजार से अधिक बहनों द्वारा मंत्री लखनलाल देवांगन को राखी बांधना इस आयोजन की व्यापकता का अंदाजा देता है। रक्षाबंधन का यह आयोजन कोरबा में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सामाजिक सहभागिता की बड़ी मिसाल बनकर सामने आया।



