मध्यप्रदेश

‘पापा… ये मुझे मार डालेंगे’, डिलीवरी रूम से रोते हुए निकली गर्भवती, फिर वापस गई…. कुछ देर बाद मां और नवजात की मौत

प्रसव के बाद मां और नवजात की मौत, परिजनों का गंभीर आरोप- ‘पापा मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे’

30 हजार रुपए मांगने और नर्स पर जहर का इंजेक्शन देने की धमकी का आरोप, अस्पताल प्रबंधन ने कहा- गंभीर हालत में लाई गई थी महिला

रीवा के शासकीय गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि प्रसव से पहले महिला रोते हुए प्रसव कक्ष से बाहर आई और अपने पिता से कहा कि, “पापा मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे।” हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

रीवा ( शिखर दर्शन ) // बैकुंठपुर के हटवा गांव निवासी कल्पना मिश्रा को 25 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने के बाद शासकीय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव कराने के लिए उनसे 30 हजार रुपए की मांग की गई थी। परिवार का यह भी आरोप है कि पैसे नहीं देने पर एक नर्स ने कथित तौर पर जहर का इंजेक्शन देने की धमकी दी।

दोबारा प्रसव कक्ष में ले जाने के बाद बिगड़ी हालत

परिजनों के मुताबिक, प्रसव कक्ष से बाहर आने के बाद कल्पना ने अपने पिता को पूरी बात बताई। इसके बाद उसे दोबारा प्रसव कक्ष में ले जाया गया। कुछ देर बाद महिला का प्रसव हुआ, लेकिन नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसके कुछ समय बाद कल्पना की भी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत

वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने परिजनों के आरोपों से अलग अस्पताल का पक्ष रखा है। उनका कहना है कि महिला की प्रसव पूर्व पर्याप्त जांच नहीं हुई थी और अस्पताल पहुंचने के समय उसकी हालत गंभीर थी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला का रक्तचाप और हृदय गति बढ़ी हुई थी तथा उसकी स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे बचाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन मां और नवजात दोनों को नहीं बचाया जा सका।

मौत के बाद उठे कई गंभीर सवाल

मां और नवजात की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था और उपचार प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर महिला प्रसव कक्ष से रोते हुए बाहर क्यों आई थी और उसने अपने पिता से इस तरह की बात क्यों कही?

वहीं परिजनों द्वारा लगाए गए 30 हजार रुपए मांगने और जहर का इंजेक्शन देने की धमकी के आरोपों की भी जांच जरूरी है। अब पूरे मामले में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला और नवजात की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!