MP में मानसून की रफ्तार धीमी, आज 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 4 इंच तक बरस सकता है पानी

टीकमगढ़, छतरपुर समेत 7 जिलों में हैवी रेन की चेतावनी, प्रदेश में अब तक सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में मानसून का असर अभी भी बना हुआ है, लेकिन बारिश की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम होने के संकेत मिल रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में इन जिलों में ढाई से चार इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से चार इंच तक पानी गिर सकता है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।
गुरुवार को इन इलाकों में हुई तेज बारिश
गुरुवार को श्योपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए। टीकमगढ़ में बारिश का असर हाईवे यातायात पर भी पड़ा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश में अब तक 26.5 इंच बारिश
मध्यप्रदेश में अब तक 674.6 मिलीमीटर यानी करीब 26.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि तक सामान्य बारिश 742.3 मिलीमीटर यानी करीब 29.2 इंच होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अभी करीब 2.7 इंच बारिश की कमी है और बारिश सामान्य से लगभग 9 प्रतिशत पीछे चल रही है।
37 जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के 37 जिलों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की कमी करीब 6 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी मध्यप्रदेश में यह कमी लगभग 12 प्रतिशत बताई गई है।
इसके विपरीत सतना, निवाड़ी, अनूपपुर, डिंडोरी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया समेत कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
भोपाल समेत कई जिलों में बदला रहेगा मौसम
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, गुना, शिवपुरी, दतिया और निवाड़ी समेत कई जिलों में मौसम बदला रहेगा। इन क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
28 से 30 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा के अनुसार 28 से 30 अगस्त तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि इस दौरान व्यापक स्तर पर भारी बारिश की संभावना कम है।
29 अगस्त को शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 31 अगस्त को मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट बताया गया है।
जून की कमी अब तक नहीं हुई पूरी
मध्यप्रदेश में जून के दौरान सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई में बारिश ने अपना कोटा पूरा कर लिया, लेकिन मानसून में दो बार आए ब्रेक के बाद अगस्त में सक्रिय हुए मौसम तंत्र से बारिश में तेजी आई। इसके बावजूद जून में हुई बारिश की कमी अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
प्रदेश में सामान्य मौसमी बारिश का आंकड़ा करीब 37.3 इंच है। आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के संकेत मौसम विशेषज्ञों ने दिए हैं।



