रक्षाबंधन आज, उज्जैन में CM डॉ. मोहन यादव का दौरा; शनिवार को जनविश्वास अभियान, ओरछा में BJP बनाएगी 3 महीने का जम्बो प्लान

राखी के शुभ मुहूर्त से लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और भाजपा की कार्यसमिति बैठक तक, मध्यप्रदेश में आज और अगले दो दिन रहेंगे खास
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज पूरे मध्यप्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखी और दीर्घ जीवन की कामना करेंगी। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं शनिवार को पूरे प्रदेश में जनविश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 30 और 31 अगस्त को राम राजा की नगरी ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें आगामी तीन महीनों की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तैयार की जाएगी।
सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय
श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह समाप्त हो रही है। रक्षाबंधन पर राखी बांधने का मुख्य शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा।
इस दौरान लाभ मुहूर्त सुबह 7:33 बजे से 9:10 बजे तक और अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 9:10 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। यदि किसी कारणवश सुबह राखी नहीं बांधी जा सके तो दोपहर 12:23 बजे से 2 बजे तक भी राखी बांधी जा सकती है।
आज उज्जैन दौरे पर रहेंगे CM डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे भोपाल से सुबह 11 बजे खाचरोद पहुंचेंगे। यहां चिरोला घाट आश्रम में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे चिरोला घाट आश्रम से उज्जैन पहुंचेंगे। उज्जैन में भी वे स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
शनिवार को पूरे प्रदेश में जनविश्वास अभियान
रक्षाबंधन के कारण शुक्रवार को अवकाश होने के चलते इस बार 29 अगस्त, शनिवार को पूरे प्रदेश में जनविश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट में जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतकर्ताओं की समस्याएं और शिकायतें सीधे सुनेंगे।
जनविश्वास अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय आवासीय संस्थाओं का भ्रमण और निरीक्षण भी अनिवार्य किया गया है। इनमें आवासीय विद्यालय, आश्रम और छात्रावास जैसी संस्थाएं शामिल हैं। इस दौरान वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
ओरछा में भाजपा बनाएगी आगामी तीन महीने का प्लान
राम राजा की नगरी ओरछा में 30 और 31 अगस्त को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह पहली कार्यसमिति बैठक होगी।
बैठक में भाजपा आगामी तीन महीनों की कार्ययोजना तैयार करेगी। वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की रणनीति पर भी मंथन होगा। इसके अलावा दतिया विधानसभा चुनाव में मिली हार की भी समीक्षा की जाएगी।
ऐसे में रक्षाबंधन के धार्मिक उत्सव के बीच मुख्यमंत्री का उज्जैन दौरा, शनिवार का जनविश्वास अभियान और इसके बाद ओरछा में भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक मध्यप्रदेश की राजनीति के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है।



