14 लाख की नौकरी वाली ठगी से लेकर 50 लाख के मकान सौदे तक, दुर्ग-भिलाई में अपराधों पर पुलिस का शिकंजा

फर्जी नौकरी का झांसा देकर 14 लाख ठगे, इकरारशुदा मकान दूसरे को बेचा; स्कूल बस चालकों की जांच से लेकर कथा स्थल की चोरियों तक कार्रवाई
भिलाईनगर // दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए ठगी, संपत्ति विवाद, यातायात नियमों के उल्लंघन और वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने जहां सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया, वहीं 50 लाख रुपये लेकर इकरारशुदा मकान दूसरे व्यक्ति को बेचने के मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नशे में स्कूल बस चलाने वाले दो चालकों पर कार्रवाई हुई है। जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान सात दोपहिया वाहन चोरी होने के मामले भी सामने आए हैं।
पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर 14 लाख की ठगी, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर ( शिखर दर्शन ) // पुलिस विभाग में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी तोपचंद धनकर को पुलिस ने रायपुर के उरला से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थिया के पति को चालक और उसके भाई को आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया था।
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, आर्यनगर कोहका निवासी 36 वर्षीय खोमिन ध्रुवे ने स्मृतिनगर चौकी, थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2024 में आरोपी तोपचंद धनकर ने उनके पति अश्वनी कुमार ध्रुवे को चालक तथा भाई रितेश ठाकुर को आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थिया से कुल 14 लाख 1 रुपये छलपूर्वक प्राप्त कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में आरोपी के पूर्व में थाना नेवई के धोखाधड़ी के मामले में भी संलिप्त होने तथा उसके खिलाफ दो स्थायी वारंट जारी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
स्मृतिनगर पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर तलाश जारी रखी और आखिरकार रायपुर के उरला से उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में घटना में संलिप्तता स्वीकार करने पर पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेज जब्त किए। आरोपी को गिरफ्तार कर स्थायी वारंटों की तामीली की गई और वर्तमान मामले में न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
50 लाख लेकर इकरारशुदा मकान दूसरे को बेचा, आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर ( शिखर दर्शन ) // 50 लाख रुपये एडवांस लेने के बाद इकरारशुदा मकान किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने के मामले में सुपेला पुलिस ने आरोपी इन्द्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच के दौरान नोटरीकृत विक्रय इकरारनामा, भुगतान संबंधी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार सुंदर लाल पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, छत्रपति सिंह और शिवशंकर यादव ने थाना सुपेला में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने इन्द्रजीत सिंह से प्लाट नंबर 08, ब्लॉक नंबर 23, वार्ड क्रमांक 25, जवाहर नगर आवासीय योजना सुपेला स्थित मकान का 55 लाख रुपये में सौदा 26 नवंबर 2024 को किया था।
सौदे के अनुसार 26 और 27 नवंबर को नौ चेकों के माध्यम से आरोपी को 50 लाख रुपये एडवांस दिए गए। इसके बाद 28 नवंबर 2024 को 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत विक्रय इकरारनामा भी किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी मकान को बाद में 17 अप्रैल 2026 को 44 लाख 26 हजार रुपये में विशाल सिंह को बेच दिया। जांच में यह भी पता चला कि मूल विक्रय विलेख के संबंध में आरोपी ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना छावनी में उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मूल विक्रय इकरारनामा जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने 50 लाख रुपये प्राप्त करने और संपत्ति को दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि प्राप्त राशि को ग्राम हथखोज स्थित अपनी लोहे के बोल्ट और कील निर्माण फैक्ट्री में निवेश किया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नशे में स्कूल बस चलाते मिले दो चालक, दोनों बसें जब्त
भिलाईनगर ( शिखर दर्शन ) // यातायात पुलिस की जांच के दौरान दो स्कूल बसों के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तत्काल दोनों स्कूल बसों को जब्त कर चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की और प्रकरण न्यायालय भेज दिया।
इसी अभियान के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक भी शराब के नशे में वाहन चलाते मिला। उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में चोरों का धावा, सात दिन में 7 दोपहिया पार
भिलाईनगर ( शिखर दर्शन ) // जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कथा स्थल के आसपास खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया। सात दिनों के दौरान 5 बाइक और 2 स्कूटी समेत कुल 7 वाहन चोरी होने की शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। चोरी गए वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
20 अगस्त को टी. चंदु राव अपनी पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। दोपहर करीब 3 बजे लौटे तो बाइक गायब थी।
22 अगस्त को शंकर लाल की हीरो पैशन प्रो और दर्शन लाल की हीरो पैशन प्रो चोरी हो गई। इसी दिन देव कुमार साहू की होंडा डियो स्कूटी भी चोरी हो गई। उन्होंने रात करीब 9 बजे स्कूटी खड़ी की थी और करीब 15 मिनट बाद लौटे तो वाहन गायब मिला।
आशीष चंदेल भी पिता के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे हैलीपैड के पास बाइक खड़ी की थी। शाम 4 बजे लौटने पर बाइक नहीं मिली।
वहीं ज्योति साहू 20 अगस्त को अपनी मां के साथ एक्टिवा से कथा स्थल पहुंची थीं। गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी कर दोनों पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर स्कूटी गायब मिली। स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज भी रखे थे।
एक अन्य मामले में चुम्मन लाल देवांगन के साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस को भी चोरों ने कथा स्थल से पार कर दिया। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने का आरोप, बच्चों में दहशत; जांच शुरू
राजनांदगांव ( शिखर दर्शन ) // लखोली स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। बच्चों ने आरोप लगाया कि एक शिक्षिका के माध्यम से भोजन में जानबूझकर छिपकली डलवाई गई। हालांकि संबंधित शिक्षिका ने आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को फंसाने का प्रयास किए जाने की बात कही है।
घटना के बाद बच्चों में नाराजगी और भय का माहौल है। जानकारी मिलने पर पालकों में भी आक्रोश देखने को मिला। शाला समिति की अध्यक्ष ने मामले पर नाराजगी जताते हुए स्कूल के शिक्षकों की बैठक ली।
बताया जा रहा है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने की घटना हुई थी। इसके बाद भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं। पालकों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक हड़ताल पर, स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित
राजनांदगांव ( शिखर दर्शन ) // शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन तेज हो गया है। प्रांतीय संगठन के आह्वान पर राजनांदगांव जिले में भी सैकड़ों शिक्षक अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल हो गए हैं।
शिक्षकों के हड़ताल पर जाने से जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई शासकीय स्कूलों में अध्यापन व्यवस्था प्रभावित हुई। कई स्थानों पर शिक्षकों की कम उपस्थिति के कारण वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी स्थिति चुनौतीपूर्ण नजर आई।
शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से शासकीय स्कूलों में सेवा दे रहे शिक्षकों पर पदोन्नति के लिए टीईटी की अनिवार्यता लागू करना उचित नहीं है। उनका कहना है कि नियुक्ति के समय ऐसी बाध्यता नहीं थी, इसलिए सेवारत शिक्षकों को इससे राहत और सेवा सुरक्षा दी जानी चाहिए।
शिक्षकों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। आंदोलन लंबा खिंचने पर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता भी बढ़ गई है।
प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, हादसा दिखाने की कोशिश; पत्नी समेत दो गिरफ्तार
राजनांदगांव ( शिखर दर्शन ) // चिचोला पुलिस ने ग्राम महाराजपुर के पास हुए अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने कथित तौर पर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात के बाद इसे हादसा दिखाने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने चौकी चिचोला में सूचना दी थी कि उसका भाई प्रेमलाल साहू 10 अगस्त की शाम करीब 7 से 9 बजे के बीच ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में पड़ा है।
प्रेमलाल के मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे। उसके पास खून लगा हुआ बड़ा मुरुम का पत्थर भी मिला था। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, गवाहों और परिजनों से पूछताछ की। इसके साथ ही मोबाइल कॉल विवरण और लोकेशन की भी जांच की गई। संदेह के आधार पर ग्राम पटपर निवासी 40 वर्षीय नरबद साहू और मृतक की 27 वर्षीय पत्नी गंगोत्री साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने प्रेमलाल साहू की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या की और बाद में घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



