रायपुर संभाग

ब्लू वाटर में डूबे युवक का 48 घंटे बाद भी नहीं मिला शव, एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का रेस्क्यू जारी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल का 48 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। पानी की अधिक गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

पुलिस जांच के अनुसार आदिल अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लगी और आदिल पानी में उतर गया। गहरे पानी में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन दो दिन बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

घटनास्थल के बाहर 100 से 200 लोगों की भीड़

रेस्क्यू अभियान के दौरान ब्लू वाटर के आसपास करीब 100 से 200 लोग जमा हैं। कई लोग गहरे और खतरनाक पानी के बिल्कुल किनारे खड़े होकर रेस्क्यू अभियान देख रहे हैं। ऐसे में यहां किसी और हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

खतरनाक जगह पर चेतावनी बोर्ड तक नहीं

ब्लू वाटर के जिस हिस्से में पानी बेहद गहरा और खतरनाक है, वहां लोगों को दूर रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर लोगों को सतर्क करने वाला स्पष्ट चेतावनी बोर्ड या पर्याप्त सुरक्षा घेरा नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय स्तर पर यह भी सामने आया है कि ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही है। मौजूदा घटना के बाद प्रशासन के सामने रेस्क्यू के साथ-साथ मौके पर सुरक्षा घेरा बनाने और चेतावनी संकेत लगाने की चुनौती भी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!