सयाजी होटल में खाद्य विभाग की छापेमारी, 66 किलो खुला नॉनवेज जब्त; वेज-नॉनवेज एक साथ रखने पर उठे सवाल

इंदौर ( शिखर दर्शन ) //
कोल्ड स्टोरेज में साथ रखा था वेज और नॉनवेज, कई खाद्य सामग्री पर पैकेजिंग और एक्सपायरी की जानकारी नहीं मिली
इंदौर के प्रसिद्ध सयाजी होटल में खाद्य विभाग, जिला प्रशासन और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान होटल में कई खाद्य सामग्री को लेकर अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। टीम ने मौके से करीब 66 किलो खुला नॉनवेज जब्त किया है, जो बिना पैकेजिंग के मिला।
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य विभाग की ओर से इंदौर के छोटे-बड़े होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत सयाजी होटल में भी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखे जाने की बात सामने आई है।
पनीर, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री के लिए गए नमूने
जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्री ऐसी भी मिली, जिन पर पैकेजिंग की तारीख और एक्सपायरी की जानकारी दर्ज नहीं थी। खाद्य विभाग की टीम ने होटल से पनीर, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।



