रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मानसून का असर बरकरार, उत्तर-मध्य हिस्सों में फिर तेज बारिश के आसार; रायपुर में बढ़ी उमस

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बौछारों से मौसम सुहावना रहा। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों के दौरान तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। इससे बारिश के बीच लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा।

अगले सात दिन बारिश का दौर रहने के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि मानसून की सक्रियता बनी हुई है और अगले सात दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बौछारों की संभावना

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शहर में एक-दो दौर की बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

तापमान में बढ़ोतरी के कारण पिछले दो दिनों से राजधानी में बारिश के बावजूद उमस महसूस की जा रही है।

लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में मानसून ने जमकर पानी बरसाया। लोरमी में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

इसके अलावा तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

बारिश के बीच तापमान बढ़ने से बदला मौसम का मिजाज

प्रदेश में एक ओर बारिश का दौर जारी है, तो दूसरी ओर कुछ शहरों में तापमान बढ़ने से मौसम का मिजाज थोड़ा बदल गया है। खासकर रायपुर में पारा 26 डिग्री से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से बारिश के बाद भी उमस महसूस हुई। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बने रहने के संकेत दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!