स्कूल के बाहर बच्चों की जान से खिलवाड़सरकारी बोलेरो से खतरनाक स्टंट, स्कूल के बाहर मचा हड़कंप

शहडोल ( शिखर दर्शन ) // शहडोल शहर में मध्य प्रदेश शासन अंकित एक बोलेरो वाहन से कथित रूप से खतरनाक स्टंट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुड शेफर्ड स्कूल के सामने स्थित पॉलिटेक्निक ग्राउंड की बताई जा रही है। स्कूल की छुट्टी के समय हुई इस घटना ने सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
स्कूल की छुट्टी के दौरान की गई स्टंटबाजी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो में करीब पांच किशोर सवार थे। इनमें दो छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में और तीन सामान्य कपड़ों में थे। वाहन चालक तेज रफ्तार में पूरे मैदान के चक्कर लगाते हुए खतरनाक स्टंट करता नजर आया। तेज गति और अचानक मोड़ लेने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। अभिभावकों का कहना है कि यदि वाहन अनियंत्रित हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सरकारी वाहन होने का दावा
जानकारी के अनुसार जिस बोलेरो से स्टंट किया गया, उस पर मध्य प्रदेश शासन अंकित है। वाहन का पंजीयन कृष्णा केशव प्रजापति के नाम पर बताया जा रहा है। चर्चा है कि यह वाहन पीआईयू के एक एसडीओ से संबंधित है और वाहन चला रहा किशोर उनके पुत्र होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी वाहन का कथित रूप से निजी उपयोग और सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।



