सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,250 के नीचे; एनर्जी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 से अधिक अंक टूटकर 77,600 के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 24,250 के नीचे फिसल गया। बाजार पर सबसे अधिक दबाव एनर्जी, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बिकवाली के कारण देखने को मिला।
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त पर रहा। अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में कमजोरी के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक आर्थिक संकेत, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और प्रमुख सेक्टरों में मुनाफावसूली के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ है। शुरुआती कारोबार में चुनिंदा शेयरों में खरीदारी जरूर दिखी, लेकिन वह प्रमुख सूचकांकों को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं रही।



