भीषण ब्लास्ट से दहली 3D फैक्ट्री, तीन मजदूरों की मौत

उरला औद्योगिक क्षेत्र में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी; कई घायल, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका, जांच शुरू
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
धमाके के बाद मची भगदड़, घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
विस्फोट के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई। पुलिस और बचाव दल ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फैक्ट्री परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
तीन मजदूरों की गई जान
हादसे में मजदूर लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक लाल सिंह और कमल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका, जांच में जुटीं एजेंसियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह भीषण विस्फोट हुआ। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की टीम विस्तृत जांच कर रही है। मौके पर डीसीपी, एडीसीपी (नॉर्थ) सहित एसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका पर भी उठे सवाल
हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। घटना के बाद सुरक्षा मानकों और औद्योगिक इकाइयों में दुर्घटना रोकने के उपायों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



