मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, दुकान में लगी भीषण आग पर समय रहते पाया काबू

पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई; जनहानि नहीं, जांच शुरू
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित रामसागरपारा में मंगलवार सुबह एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना की टाइगर मोबाइल टीम और डायल-112 महज पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य विभागों की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बिजली बंद कर खाली कराया गया मकान
पुलिस के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और विद्युत विभाग से संपर्क कर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि करंट या शॉर्ट सर्किट जैसी किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।
दुकान के ऊपर रह रहे लोगों को सुरक्षित निकाला
जिस दुकान में आग लगी, उसके ऊपर आवासीय मकान भी था। पुलिस और डायल-112 की टीम ने बिना समय गंवाए मकान में रह रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर पहुंचाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
संयुक्त अभियान से आग पर पाया गया काबू
फायर ब्रिगेड, डायल-112, आजाद चौक थाना और मोहदापारा टाइगर मोबाइल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से लपटें आसपास की दुकानों और मकानों तक नहीं फैल सकीं।
जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि सभी विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



