बिलासपुर संभाग

बदहाल सड़क पर कांग्रेस का अनोखा विरोध, गड्ढों में किया प्रतीकात्मक ‘मछली आखेट’

बरसाती पानी से लबालब सड़क को ‘तालाब’ बताकर किया प्रदर्शन, वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने पर फूटा आक्रोश

कड़ार-सेवार मार्ग के गड्ढों में उतरे नेता-कार्यकर्ता, जाल डालकर सरकार और प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़ार-सेवार की वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। बरसात के कारण सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भरे पानी को तालाब का स्वरूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया और जाल डालकर सरकार, प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

गड्ढों में उतरे नेता, जाल डालकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे पानी में जाल डालकर मछली पकड़ने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। नेताओं का कहना था कि सड़क अब सड़क नहीं, बल्कि तालाब बन चुकी है।

उनका आरोप है कि वर्षों से क्षेत्रवासी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

बरसात में बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कड़ार-सेवार मार्ग क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। बरसात के दौरान गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और वाहन चालकों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया।

ज्ञापन और शिकायतों के बाद भी नहीं निकला समाधान

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपे गए तथा शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।

सड़क नहीं बनी तो आंदोलन होगा तेज

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने भी सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!