चॉकलेट का लालच देकर मासूमों से दरिंदगी ! दो बच्चियों से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

परिजनों ने एसपी से की शिकायत, कहा- रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घंटों भटकना पड़ा; आरोपी नाबालिग बाल सुधार गृह भेजा गया
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सिरगिट्टी क्षेत्र में दो सात वर्षीय मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मामले में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही, एफआईआर दर्ज करने में देरी और मामले को दबाने के प्रयास जैसे आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
न्याय के लिए दर-दर भटकने का आरोप
पीड़ित बच्चियों की मां परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और बताया कि घटना की जानकारी देने के बाद भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि वे सुबह से देर रात तक थाना और अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही एफआईआर दर्ज हो सकी।
बच्चियों ने सुनाई दर्दनाक आपबीती
परिजनों के अनुसार बच्चियों ने बताया कि आरोपी उन्हें चॉकलेट दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले जाता था। वहां उनके साथ गलत हरकतें की जाती थीं और विरोध करने पर उन्हें रस्सी से बांधकर रखा जाता था। परिवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां और संभावित साक्ष्यों के बारे में बताया, लेकिन उन पहलुओं पर गंभीरता से जांच नहीं की गई।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी साक्ष्यों को सुरक्षित करने और बच्चियों व उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि इस तरह के संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही दोषियों को बचाने का कारण बन सकती है।
एसएसपी बोले- आरोपों की होगी जांच
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपी 14 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस के व्यवहार और कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




