छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन मेहरबान रहेगा मानसून: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

बिलासपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी, तापमान में गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से मिली राहत
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक वर्षा गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
तापमान में आई गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
रविवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई। बारिश के कारण राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पेंड्रा रोड में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं, मध्यम से भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं तथा वर्षा की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक के समय खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा चेतावनियों का पालन करें।
अभी सामान्य से कम है मानसूनी वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि अगले चार दिनों तक सक्रिय रहने वाले मानसून के कारण वर्षा में तेजी आने की संभावना है, जिससे कई क्षेत्रों में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।



