भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवा के आसार

तापमान में गिरावट जारी, कई इलाकों में गरज-चमक और अंधड़ की चेतावनी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दक्षिण के बाद अब मध्य इलाकों में भी अंधड़ और बारिश की स्थिति देखने को मिल रही है। आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल गरजने की गतिविधि भी देखने को मिली, वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बादल गरजने, वज्रपात और हल्की वर्षा होने की संभावना है। कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिससे मौसम में बदलाव का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर आंतरिक उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की वर्षा, गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात की स्थिति बनने की संभावना है, साथ ही तापमान में गिरावट का दौर जारी रह सकता है।



