रायपुर संभाग

CM साय का जशपुर दौरा आज, सुशासन तिहार की शुरुआत, पायलट की मैराथन बैठक

श्रमिक दिवस पर CM का संदेश, रायपुर में कई अहम कार्यक्रम आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर से बगिया के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1 बजे समृद्धि एम-कैड निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 3:15 बजे कुनकुरी विकासखंड के ग्राम बंदरचुआं पहुंचकर अपने निज सहायक दीपक अंधारे के चचेरे भाई स्वर्गीय विवेक अंधारे के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4:30 बजे बगिया से रायपुर के लिए रवाना होकर करीब 5:30 बजे राजधानी लौटेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी श्रमवीरों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राज्य और राष्ट्र की प्रगति का आधार होता है और कृषि, उद्योग, निर्माण तथा सेवा क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समावेशी और सतत विकास तभी संभव है जब श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा और पर्याप्त अवसर मिलें, और राज्य सरकार उनके सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रदेश में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत आज से हो रही है। यह अभियान 10 जून तक चलेगा, जिसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका समाधान किया जाएगा। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री साय विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे और उनका हेलिकॉप्टर कहीं भी उतर सकता है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिन पायलट आज कांग्रेस संगठन और विधायकों की मैराथन बैठक लेंगे। गुरुवार देर शाम रायपुर पहुंचे पायलट का माना विमानतल पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज सहित पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। शुक्रवार सुबह 10 बजे राजीव भवन में वे कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसके बाद 12 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक लेकर उनके तीन माह के कार्यों की समीक्षा करेंगे और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक कर बूथ और वार्ड समितियों के गठन पर विचार-विमर्श करेंगे।

रायपुर में आज दिव्यांग तैराकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हो रही है। जिला दिव्यांग तैराकी संघ द्वारा 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग के अस्थि एवं दृष्टि दिव्यांग बालक-बालिकाओं के लिए यह शिविर 1 से 30 मई तक अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम क्षेत्र में आज 1 मई को बुद्ध जयंती के उपलक्ष्य में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। महापौर के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार यदि कोई दुकान संचालक बिक्री करते हुए पाया गया तो निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!