मध्यप्रदेश

बरसी के कार्यक्रम में मातम: उसी तालाब में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत

भाई की बरसी पर गया परिवार, हादसे में दो की जान गई, दो का इलाज जारी

मैहर ( शिखर दर्शन ) // मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा तालाब में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। भाई की बरसी के कार्यक्रम के दौरान तालाब में गई चार किशोरियां और युवतियां गहरे पानी में डूब गईं, जिसमें दो चचेरी बहनों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की जानकारी के अनुसार, मृतका आँचल चौधरी के भाई की एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से मौत हुई थी। शनिवार को उसी भाई की बरसी थी, जिसके लिए घर में अनुष्ठान चल रहा था। परिवार की महिलाएं और बच्चे पटेहरा तालाब में दाल धोने और स्नान के लिए गए थे। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में चारों गहरे पानी में चली गईं।

हादसे में पूनम चौधरी (10 वर्ष) और आँचल चौधरी (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं। वहीं शालू चौधरी (21 वर्ष) और अभिषेक चौधरी (11 वर्ष) को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा पूरे इलाके में शोक और संवेदना का माहौल पैदा कर गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!