ईरान ने फिर बंद किया होर्मुज जलडमरूमध्य, अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप

कहा- “दुश्मनों के जहाजों को गुजरने का कोई अधिकार नहीं”, बढ़ा वैश्विक तनाव
तेहरान ( एजेंसी ) // ईरान ने एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का संकेत दिया है और अमेरिका पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। ईरान के इस फैसले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और कई जहाजों को जलडमरूमध्य पार करने से लौटते देखा गया है।
ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में जहाजों के काफिले को होर्मुज से वापस लौटते दिखाया गया है। साथ ही एक सख्त संदेश भी जारी किया गया, जिसमें कहा गया है कि “सैन्य और शत्रु देशों के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने का कोई अधिकार नहीं है।”
ईरान ने स्पष्ट किया है कि जब तक उसके बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी जारी रहेगी, तब तक वह होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन को नियंत्रित करता रहेगा। ईरानी पक्ष का कहना है कि अमेरिका ने वादाखिलाफी करते हुए नाकाबंदी जारी रखी है, जिसे उसने समुद्री डकैती और लूटपाट जैसा कदम बताया है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही ईरान ने इस जलमार्ग को वाणिज्यिक जहाजों के लिए खोलने की घोषणा की थी। विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा था कि लेबनान-इजरायल के बीच 10 दिन के युद्धविराम के बाद यह निर्णय लिया गया है।
वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया है कि ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक तेहरान किसी व्यापक समझौते पर नहीं पहुंचता। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि तय समय तक समझौता नहीं हुआ, तो युद्धविराम समाप्त हो सकता है और सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की जा सकती है।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग माना जाता है, ऐसे में इसके बंद होने से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बाजार पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल इस घटनाक्रम पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।



