मध्यप्रदेश

विदेशी बनकर युवती से पौने दो लाख की ठगी, जबलपुर में मामला दर्ज

सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एयरपोर्ट में फंसने का झांसा देकर ऐंठे पैसे

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // जबलपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक युवती से विदेशी बनकर करीब पौने दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। जागरूकता अभियानों के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

यह मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ला का है, जहां पीड़िता ने थाने पहुंचकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी और पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और संपर्क लगातार बना रहा। इसी दौरान आरोपी ने खुद को विदेशी नागरिक बताते हुए भरोसा जीत लिया।

इसके बाद आरोपी ने युवती को झांसा दिया कि वह विदेश से लौटते समय मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गया है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने एक महिला से बात कराई, जिसे एयरपोर्ट सिक्योरिटी अधिकारी बताया गया।

आरोपी ने मुसीबत से निकलने के लिए करीब पौने दो लाख रुपये की मांग की, जिस पर विश्वास कर युवती ने राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में जब संपर्क टूट गया तो उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!