रायपुर संभाग

मानसून की विदाई के बाद मौसम ने बदली करवट, कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि; आज भी गरज-चमक के आसार

 

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है। बुधवार को दोपहर बाद कई इलाकों में बादल गरजे और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश में इसी तरह की स्थिति बने रहने के आसार हैं, जबकि शुक्रवार के बाद मौसम प्रणाली के कमजोर होने की संभावना है।

34 डिग्री तक पहुंचा तापमान, फिर अचानक बदला मौसम

मौसम में बदलाव से पहले रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल घिर आए और तेज हवाओं के साथ मौसम बदल गया। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में धूप भी निकलती रही।

चक्रवाती परिसंचरण का दिखा असर

मौसम में इस बदलाव की वजह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण को माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणाली के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने का असर भी प्रदेश में दिखाई दिया।

मानसून रायपुर से आधिकारिक तौर पर विदा हो चुका है, लेकिन बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में इसका प्रभाव अभी बना हुआ है। इसी बीच बदले मौसम ने कई क्षेत्रों में बारिश की स्थिति पैदा कर दी।

दुर्ग, बिलासपुर समेत कई इलाकों में बारिश

बुधवार को दुर्ग में दोपहर के समय अच्छी बारिश हुई। इससे पहले बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम क्षेत्र में भी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और कई इलाकों में बारिश हुई।

माना में बारिश, सड्डू में गिरे ओले

रायपुर के माना इलाके में कुछ देर तक बारिश हुई, जबकि सड्डू क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। कई इलाकों में बादल गरजते रहे और तेज हवाएं चलीं। हालांकि, शहर के कुछ हिस्सों में इस दौरान धूप भी निकलती रही।

आज कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गुरुवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन सकती है। हालांकि, मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार के बाद सक्रिय सिस्टम के कमजोर होने से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने के आसार हैं।

दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात में तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगी है। मानसून की विदाई के बाद मौसम में यह बदलाव आने वाले दिनों में रात की ठंडक को और बढ़ा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!